‘प्रकृति से प्रेरित होकर जलवायु और भविष्य का संरक्षण करें’ विषय पर होगा आयोजन, 5 जून को रायपुर में प्रतियोगिता
रायपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 5 जून को पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगिता का आयोजन सुबह 10 बजे से वीआईपी रोड स्थित होटल बेबिलॉन इंटरनेशनल में होगा। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय ‘प्रकृति से प्रेरित होकर जलवायु और भविष्य का संरक्षण करें’ रखा गया है।
प्रतियोगिता चार अलग-अलग आयु वर्गों में आयोजित की जाएगी। पहला वर्ग 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए, दूसरा 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग, तीसरा 18 से 21 वर्ष आयु वर्ग तथा चौथा वर्ग दिव्यांगजनों के लिए निर्धारित किया गया है।
आयोजन का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और सतत विकास के प्रति संवेदनशील बनाना है।
छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के सदस्य सचिव राजु अगसिमनि ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) द्वारा इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम ‘क्लाइमेट एक्शन’ निर्धारित की गई है।
इसी थीम को ध्यान में रखते हुए प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, ताकि लोग पर्यावरणीय चुनौतियों और उनके समाधान के प्रति जागरूक हो सकें।
प्रतियोगिता के प्रत्येक वर्ग में आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 5 हजार रुपये, द्वितीय स्थान के लिए 4 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान के लिए 3 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा दो प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को अपना पहचान पत्र और आयु प्रमाण-पत्र की छायाप्रति साथ लानी होगी। पंजीयन की व्यवस्था प्रतियोगिता स्थल पर ही की गई है। प्रतिभागियों को सुबह 9:30 बजे तक उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
प्रतियोगिता के विजेताओं को विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित मुख्य समारोह, संगोष्ठी और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण मंडल ने विद्यार्थियों, युवाओं और दिव्यांगजनों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है।
