स्वास्थ्य केंद्र, सड़क, पुलिया और पुलिस थाना की घोषणा; बोले- अबूझमाड़ में विकास की नई गाथा लिखी जा रही
नारायणपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को सुशासन तिहार के तहत नारायणपुर जिले के ओरछा विकासखंड स्थित अबूझमाड़ अंचल की ग्राम पंचायत गारपा पहुंचे। यहां आयोजित जन चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री के आगमन पर ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अबूझमाड़ और बस्तर का यह क्षेत्र वर्षों तक नक्सल हिंसा और विकास की कमी से प्रभावित रहा, लेकिन अब हालात तेजी से बदल रहे हैं और यहां विकास की नई कहानी लिखी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ अब गांव-गांव तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल-पुलिया, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
गारपा को मिली कई विकास सौगातें
मुख्यमंत्री ने गारपा क्षेत्र के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना, तुमेराड़ी में दो पुलियों के निर्माण, गारपा में एक किलोमीटर सीसी सड़क, आंगनबाड़ी केंद्र में बाउंड्रीवाल, उप स्वास्थ्य केंद्र से राजकुमार के खेत तक सड़क निर्माण, मसपुर में मुख्य मार्ग से गुडरापारा तक सड़क निर्माण तथा आश्रम शाला गारपा में बाउंड्रीवाल निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गारपा में पुलिस थाना खोलने की भी घोषणा की गई।
योजनाओं की जानकारी ली
जन चौपाल में मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं, किसानों और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से चर्चा की। ग्रामीणों ने बताया कि अब राशन, सरकारी योजनाओं और अन्य सुविधाओं की पहुंच पहले की तुलना में काफी आसान हो गई है। मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, पशुपालन और बकरी पालन को बढ़ावा देने तथा वनोपज संग्राहकों को बेहतर मूल्य दिलाने का भरोसा दिया।
कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, राज्य सहकारी लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास और सुशासन पहुंचाने के संकल्प के साथ लगातार काम कर रही है।
