रायपुर। नारी शक्ति वंदन अधिनियम लोकसभा में पारित नहीं होने के बाद सियासत तेज हो गई है। भाजपा ने इस मुद्दे पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं के अधिकारों के साथ बड़ा विश्वासघात किया है, जिसका खामियाजा उसे आने वाले समय में भुगतना पड़ेगा।
रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में अरुण सिंह ने कहा कि 17 अप्रैल का दिन देश के लिए ऐतिहासिक हो सकता था, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने इसे व्यर्थ कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी महिलाओं को अधिकार देने की बात आती है, कांग्रेस हमेशा बाधा बनती रही है। उन्होंने विपक्ष पर बिल पास नहीं होने के बाद खुशी जताने को भी दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत में महिलाओं को शक्ति का प्रतीक माना जाता है, लेकिन कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने देश की आधी आबादी की उम्मीदों को तोड़ने का काम किया है। उन्होंने इसे महिलाओं के साथ अन्याय बताया।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई पहल की जा रही हैं। उज्ज्वला योजना और महतारी वंदन योजना जैसी योजनाओं से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, महापौर मीनल चौबे समेत कई महिला नेता मौजूद रहीं। सभी नेताओं ने कांग्रेस पर महिला विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि उनका संघर्ष जारी रहेगा और पार्टी महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
