रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और बेहतर रेल कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
रेलवे प्रशासन ने रायपुर-डोंगरगढ़ और डोंगरगढ़-गोंदिया मेमू पैसेंजर ट्रेनों को आपस में मर्ज करने का फैसला किया है। नई व्यवस्था 8 जून 2026 से लागू होगी, जिसके बाद यात्रियों को रायपुर से गोंदिया तक एक ही ट्रेन में सीधा सफर करने की सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार वर्तमान में संचालित गाड़ी संख्या 68721 रायपुर-डोंगरगढ़ मेमू और गाड़ी संख्या 68723 डोंगरगढ़-गोंदिया मेमू को मिलाकर अब गाड़ी संख्या 68723 रायपुर-गोंदिया मेमू पैसेंजर के रूप में चलाया जाएगा।
इस बदलाव से यात्रियों को डोंगरगढ़ स्टेशन पर ट्रेन बदलने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे यात्रा अधिक सुविधाजनक और समय की बचत वाली बन जाएगी।
नई समय-सारिणी के अनुसार यह मेमू ट्रेन रायपुर स्टेशन से प्रतिदिन शाम 7 बजे रवाना होगी।
इसके बाद ट्रेन सरस्वती नगर, सरोना, कुम्हारी, देवबलोदा चरोदा, भिलाई, भिलाई पावर हाउस, भिलाई नगर, दुर्ग, रसमड़ा, मुड़ीपार, परमालकसा, राजनांदगांव, बाकल, मुसरा, जटकन्हार और डोंगरगढ़ सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव करते हुए महाराष्ट्र के कई स्टेशनों से गुजरकर रात 11:15 बजे गोंदिया पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस निर्णय से छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के बीच यात्रा करने वाले हजारों दैनिक यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। विशेष रूप से दुर्ग, राजनांदगांव और डोंगरगढ़ क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का मानना है कि इस पहल से रेल सेवाओं का संचालन अधिक सुगम होगा और यात्रियों को आरामदायक यात्रा अनुभव प्राप्त होगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से नई समय-सारिणी की जानकारी लेकर यात्रा करने की अपील की है।
