ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

शराब घोटाला केस में रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी पर सियासत गरमाई, ED दफ्तर घेरने पहुंचे भूपेश बघेल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कथित 3400 करोड़ रुपए के शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें रायपुर की अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें पांच दिन की ED रिमांड पर भेज दिया। अब उन्हें 17 अगस्त को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।

रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अदालत पहुंचकर उनसे मुलाकात की। मुलाकात के बाद बघेल ने ED की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे केवल परेशान करने के उद्देश्य से की गई कार्रवाई बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों के पास ठोस सबूत नहीं हैं और मामले में कथित तौर पर नकली गवाहों का सहारा लिया जा रहा है।

बुधवार को रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ED कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हुए। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कार्रवाई को राजनीतिक विद्वेष से प्रेरित बताया।

बघेल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को जांच एजेंसियों के माध्यम से डराने और दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान कहा कि यदि कांग्रेस की सरकार दोबारा बनती है तो इस पूरी कार्रवाई का हिसाब लिया जाएगा।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है। वहीं ED की कार्रवाई कथित शराब घोटाले से जुड़े मामलों की जांच के तहत हुई है। रामगोपाल अग्रवाल की रिमांड अवधि के दौरान एजेंसी उनसे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ करेगी।

Related Articles

Back to top button