StateNewsदेश - विदेश

AI समिट पर सियासत गरम: कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में BJP सड़कों पर, भिवंडी में राहुल गांधी को काले झंडे

दिल्ली। AI समिट में कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में शनिवार को भाजपा देशभर में सड़कों पर उतर आई। दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात और जम्मू-कश्मीर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की।

दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने ‘कांग्रेस-राहुल गांधी = गद्दार’ और ‘देशद्रोही राहुल गांधी माफी मांगो’ लिखे पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया।

इससे पहले मुंबई के मुलुंड इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के काफिले को काले झंडे दिखाए। वे भिवंडी कोर्ट में पेशी के लिए जा रहे थे, जहां 2014 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान RSS पर की गई टिप्पणी से जुड़े मामले की सुनवाई होनी है।

गुजरात के सूरत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का पुतला दहन किया। वहीं जम्मू-कश्मीर में भी विरोध प्रदर्शन हुए। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि धूमिल करने की साजिश की। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि यह पूर्व नियोजित प्रयोग था।

दरअसल, 20 फरवरी को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित AI समिट 2026 के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन किया था।

प्रदर्शनकारियों ने पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तस्वीर वाली टी-शर्ट लहराई, जिस पर ‘PM is compromised’ लिखा था। दिल्ली पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है और तिलक मार्ग थाने में BNS की धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है।

समिट का उद्घाटन 16 फरवरी को नरेंद्र मोदी ने किया था। कार्यक्रम में 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस के लिए AI का मतलब ‘एंटी-इंडिया’ हो गया है, जबकि कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक विरोध बताया है।

Related Articles

Back to top button