कर्नाटक में सियासी हलचल तेज, सिद्धारमैया दे सकते हैं इस्तीफा

दिल्ली। कर्नाटक की राजनीति में बुधवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे की अटकलों के बीच बेंगलुरु स्थित उनके आवास पर मंत्रियों की अहम ब्रेकफास्ट मीटिंग हुई।
बैठक में डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार भी पहुंचे। इस दौरान शिवकुमार ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के पैर छुए, जिसके बाद दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया। इस दृश्य ने राज्य की राजनीति में सत्ता परिवर्तन की चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात के लिए समय मांगा था। हालांकि, पारिवारिक कारणों से राज्यपाल फिलहाल बेंगलुरु से बाहर बताए जा रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री अपना इस्तीफा राजभवन कार्यालय को सौंप सकते हैं। जानकारी के अनुसार, उन्होंने इस्तीफा देने के लिए दोपहर 3 बजे तक का समय मांगा था।
संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, यदि राज्यपाल राज्य में मौजूद न हों तब भी मुख्यमंत्री अपना लिखित इस्तीफा ई-मेल के माध्यम से या राजभवन के अधिकारियों को सौंप सकते हैं। राज्यपाल बाद में उसे औपचारिक रूप से स्वीकार करते हैं। इस्तीफा मंजूर होने तक मौजूदा मुख्यमंत्री ही पद पर बने रहते हैं।
इस बीच कांग्रेस विधायक अशोक पट्टन ने संकेत दिए हैं कि डीके शिवकुमार को राज्य का नया मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। साथ ही मंत्रिमंडल में बड़े फेरबदल की भी संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट में 15 से 20 नए चेहरों को जगह मिल सकती है।
कर्नाटक कांग्रेस प्रभारी रणदीप सुरजेवाला भी बेंगलुरु पहुंच चुके हैं, जिससे साफ है कि पार्टी नेतृत्व राज्य की राजनीतिक स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।





