पहलगाम आतंकी हमले के बाद पुलिस अलर्ट, पाक नागरिकों की जांच तेज

नोएडा। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद गौतमबुद्ध नगर की पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। जिले में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की जांच की जा रही है।
अब तक की जांच में ऐसा कोई पाकिस्तानी नागरिक नहीं मिला है जिसका वीजा रद्द हुआ हो। सीमा हैदर के मामले में भी अभी स्थिति साफ नहीं है। हमले के बाद कई पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द किए गए हैं और उन्हें वापस भेजा जा रहा है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां विदेशी नागरिकों की जानकारी जुटा रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि कोई अवैध रूप से तो नहीं रह रहा।
वीजा रद्द करने का आदेश
दिल्ली में पाकिस्तानी नागरिकों को दिए गए मेडिकल वीजा 29 अप्रैल तक ही मान्य रहेंगे। अब कोई नया वीजा नहीं दिया जाएगा। सार्क देशों के लिए जारी पाक नागरिकों के वीजा भी 24 अप्रैल तक रद्द कर दिए गए हैं। केंद्र सरकार ने फैसला किया है कि 27 अप्रैल से पाकिस्तानी नागरिकों के सभी वीजा रद्द कर दिए जाएंगे, केवल मेडिकल, राजनयिक और आधिकारिक वीजा को छोड़कर।