PM मोदी क्रोएशिया के लिए रवाना: किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली आधिकारिक यात्रा, रिश्तों में आएगा नया आयाम

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को क्रोएशिया के लिए रवाना हो गए हैं। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की क्रोएशिया की पहली आधिकारिक यात्रा है। पीएम मोदी क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच और राष्ट्रपति जोरोन मिलानोविच से मुलाकात करेंगे। यह दो दिन की यात्रा भारत-क्रोएशिया संबंधों को नई ऊंचाई देने के साथ-साथ यूरोपीय संघ से भारत की साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
यह यात्रा पीएम मोदी के 5 दिवसीय तीन देशों के दौरे का अंतिम चरण है। इससे पहले उन्होंने साइप्रस का दौरा किया और फिर कनाडा के कैननास्किस में आयोजित G7 समिट में हिस्सा लिया। भारत और क्रोएशिया के बीच व्यापार, रक्षा, समुद्री सहयोग, तकनीक, पर्यटन, फार्मा और IT जैसे क्षेत्रों में समझौतों की उम्मीद है। साथ ही, सांस्कृतिक सहयोग जैसे योग और आयुर्वेद को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब भारत वैश्विक मंचों पर संतुलित विदेश नीति के तहत रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिमी देशों के बीच सामंजस्य बना रहा है।
क्रोएशिया 1991 में युगोस्लाविया से स्वतंत्र हुआ था और आज यूरोपीय संघ का सदस्य है। देश ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से समृद्ध है, जिसमें डुब्रोवनिक जैसे शहर, जहां Game of Thrones की शूटिंग हुई थी, वैश्विक पहचान रखते हैं। पीएम मोदी की यह यात्रा न केवल द्विपक्षीय संबंधों में मील का पत्थर होगी, बल्कि भारत की यूरोप नीति को भी मजबूती देगी।