StateNewsदेश - विदेश

J&K विधानसभा में CEC के इस्तीफे की मांग, कांग्रेस का हंगामा; महाराष्ट्र SIR पर HC में याचिका

नई दिल्ली । जम्मू-कश्मीर विधानसभा के शुक्रवार के सत्र में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस विधायकों ने विरोध प्रदर्शन किया।

विधायकों ने सदन में पोस्टर और बैनर दिखाए, जिसके बाद हंगामा हुआ और विधानसभा की कार्यवाही कुछ समय के लिए प्रभावित हुई। यह विरोध ऐसे समय हुआ है जब चुनाव आयोग के कामकाज और महाराष्ट्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्षी दल सवाल उठा रहे हैं।

महाराष्ट्र SIR के खिलाफ बॉम्बे HC में याचिकाएं

महाराष्ट्र की मतदाता सूची में चल रहे SIR को चुनौती देते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट में दो रिट याचिकाएं दाखिल की गई हैं। इनमें से एक याचिका कोल्हापुर बेंच में चार महाराष्ट्र निवासियों और पंजीकृत मतदाताओं की ओर से दायर की गई है। याचिका में चुनाव आयोग और CEC से जुड़े 14 प्रशासनिक आदेशों को रद्द करने, SIR के दौरान हटाए गए मतदाताओं के नाम बहाल करने और प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की गई है।

याचिकाकर्ताओं ने दावा किया है कि इन 14 मामलों में चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की ओर से आपत्तियां दर्ज की गई थीं। याचिका में इन फैसलों से जुड़े दस्तावेज और प्रक्रिया सार्वजनिक करने की मांग भी की गई है। साथ ही कथित डेटा डिलीशन और सॉफ्टवेयर संबंधी मामलों की जांच के लिए स्वतंत्र न्यायिक समिति बनाने की मांग रखी गई है।

दूसरी याचिका मुंबई के दो निवासियों ने दाखिल की है। इसमें महाराष्ट्र में SIR की संवैधानिक वैधता, प्रक्रिया और मतदाता सूची में नाम हटाने से जुड़े नियमों पर सवाल उठाए गए हैं। याचिका में योग्य मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटने से रोकने और प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई है। दोनों मामलों को 28 सितंबर को संबंधित पीठ के सामने पेश किए जाने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button