StateNewsदेश - विदेश

राजस्थान, बिहार और उत्तराखंड में मौसम का कहर: कोहरे और ओले ने बढ़ाई मुश्किलें

दिल्ली। राजस्थान के सीकर जिले में बुधवार सुबह घना कोहरा हादसों का कारण बन गया। जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे-48 पर बहरोड़ के पास चार बस-ट्रक की टक्कर हुई।

हादसे में 10 लोग घायल हुए। सुबह की विजिबिलिटी बेहद कम होने से और वाहन आपस में टकराए। राज्य में आगामी दिनों में भी कोहरा और ओले गिरने की चेतावनी जारी है।

बिहार के अररिया, पूर्णिया, गोपालगंज, बगहा और अन्य जिलों में भी घना कोहरा छाया हुआ है। सुबह विजिबिलिटी घटने से पांच ट्रेनें लेट चल रही हैं। औरंगाबाद समेत कई शहरों में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।

मध्यप्रदेश में 23 और 24 जनवरी को ग्वालियर-रीवा समेत 10 जिलों में बारिश और कोहरे का अलर्ट है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश सहित देश के छह राज्यों में दो दिन बाद बारिश की संभावना है। राजस्थान में ओले गिर सकते हैं। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में चीन सीमा से लगी नेलांग घाटी में नदियां जम गई हैं।

इसी तरह आदि कैलाश (पिथौरागढ़) और केदारनाथ धाम में तापमान -21 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। प्रदेश के ऊपरी इलाकों में झरने जम गए हैं।

आगामी दो दिनों का पूर्वानुमान यह है कि उत्तर भारत में आंशिक बादल छाए रहेंगे और सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश व तेज हवाओं के साथ मौसम बदल सकता है।

हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी है। 22 से 24 जनवरी तक पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड में 23-24 जनवरी को बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट है। इससे मैदानी क्षेत्रों में कोहरा और बढ़ेगा और ठंड का असर भी बना रहेगा। इस दौरान सड़क यात्रा व वाहन संचालन में विशेष सावधानी बरतने की सलाह मौसम विभाग ने दी है।

Related Articles

Back to top button