‘पति पत्नी और वो 2’ स्टार्स ने बताए रिश्तों के ग्रीन फ्लैग

मुंबई। पति पत्नी और वो 2 की स्टारकास्ट ने रिश्तों, भरोसे और प्यार को लेकर खुलकर बात की। फिल्म में आयुष्मान खुराना एक ऐसे पति ‘प्रजापति पांडे’ के किरदार में नजर आएंगे, जो ईमानदार, समझदार और परिवार को महत्व देने वाला है। इसी विषय पर दैनिक भास्कर से बातचीत में सारा अली खान, वामिका गब्बी और रकुल प्रीत सिंह ने रिलेशनशिप को लेकर अपनी सोच साझा की।
सारा अली खान ने कहा कि अगर असल जिंदगी में उन्हें प्रजापति पांडे जैसा परफेक्ट पार्टनर मिला, तो शायद उन्हें पहले यकीन ही नहीं होगा। उन्होंने कहा, “इतना अच्छा इंसान सच में हो सकता है या नहीं, यही सोचूंगी।” वहीं वामिका गब्बी का मानना है कि भरोसेमंद इंसान के साथ जिंदगी आसानी से बिताई जा सकती है।
रकुल प्रीत सिंह ने कहा कि आज भी पूरी तरह लॉयल लोग मौजूद हैं। उनके मुताबिक, कई बार जब इंसान पार्टनर तलाशना छोड़ देता है, तब सही व्यक्ति जिंदगी में आ जाता है। रिश्तों में गलतफहमी और शक को खत्म करने पर वामिका ने कहा कि खुलकर बातचीत करना सबसे जरूरी है।
तीनों अभिनेत्रियों ने रिश्तों के रेड फ्लैग और ग्रीन फ्लैग पर भी अपनी राय रखी। वामिका के मुताबिक, जो इंसान जानवरों या दूसरों के प्रति संवेदनशील नहीं है, वह बड़ा रेड फ्लैग है। वहीं प्यार और सम्मान देने वाला इंसान ग्रीन फ्लैग होता है। सारा ने झूठ बोलने को सबसे बड़ा रेड फ्लैग बताया, जबकि लोगों को खुश रखने और हंसाने वाले स्वभाव को ग्रीन फ्लैग कहा।
मेंटल पीस पर बात करते हुए सारा ने कहा कि उन्हें पहाड़ों में सुकून मिलता है। रकुल ने कहा कि वे किसी भी परिस्थिति को खुद पर हावी नहीं होने देतीं। वहीं वामिका का मानना है कि जिंदगी की अनिश्चितता को समझने से छोटी परेशानियां ज्यादा बड़ी नहीं लगतीं।
तीनों अभिनेत्रियों ने कहा कि आज के तनावभरे दौर में फैमिली एंटरटेनर फिल्में लोगों को हंसने और परिवार के साथ अच्छा समय बिताने का मौका देती हैं।





