ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में व्याख्याता भर्ती का रास्ता साफ, 8 विषयों में भरे जाएंगे 854 पद

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में व्याख्याता के 854 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की ओर से स्कूल शिक्षा विभाग में 5 हजार शिक्षकीय पदों पर भर्ती की घोषणा के क्रम में अब व्याख्याता पदों के लिए भर्ती विज्ञापन जारी किया जाएगा। लिखित भर्ती परीक्षा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) द्वारा आयोजित की जाएगी।

लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार कुल 854 पदों में ई-संवर्ग की शालाओं में 424 और टी-संवर्ग की शालाओं में 430 पद शामिल हैं। विषयवार सबसे अधिक 120-120 पद हिन्दी, अंग्रेजी और संस्कृत के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा भौतिकी के 94, राजनीति शास्त्र के 100, इतिहास के 100, भूगोल के 100 और अर्थशास्त्र के 100 पदों पर भर्ती होगी।

भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण और अन्य आवश्यक शर्तों की विस्तृत जानकारी आधिकारिक विज्ञापन में दी जाएगी। परीक्षा का पाठ्यक्रम छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं भर्ती का विस्तृत विज्ञापन व्यापम की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।

व्याख्याता पदों के लिए लिखित परीक्षा की संभावित तिथि 29 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। हालांकि परीक्षा की तारीख में बदलाव संभव है। आवेदन प्रक्रिया कब शुरू होगी और आवेदन की अंतिम तिथि क्या होगी, इसकी जानकारी CGSSB की ओर से अलग से जारी की जाएगी।

भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग में शिक्षकीय पदों पर नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा। अभ्यर्थियों को आवेदन और परीक्षा से जुड़ी आधिकारिक जानकारी के लिए CGSSB और व्यापम की वेबसाइट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button