दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी वनडे सीरीज अपने नाम कर ली है। लाहौर के ऐतिहासिक गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से हराकर सीरीज पर कब्जा जमा लिया। कम स्कोर वाले इस रोमांचक मैच में पाकिस्तान ने संयमित बल्लेबाजी और प्रभावी गेंदबाजी के दम पर जीत हासिल की।
बारिश के कारण मैच निर्धारित समय से करीब 15 मिनट देरी से शुरू हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। मैच की दूसरी ही गेंद पर मैथ्यू शॉर्ट बिना खाता खोले शाहीन शाह अफरीदी का शिकार बन गए।
हालांकि ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी ज्यादा देर तक टिक नहीं सकी और पूरी टीम 42 ओवर में 157 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। अंतिम चरण में ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ 38 रन के भीतर अपने आखिरी सात विकेट गंवा दिए, जिससे टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही।
158 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम को भी संघर्ष करना पड़ा, लेकिन बाबर आजम ने सबसे ज्यादा 40 रन बनाकर टीम की जीत की नींव रखी। इसके बाद शादाब खान ने नाबाद 29 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया। पाकिस्तान ने 41.1 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
