यूपी-एमपी में आंधी से 500 से ज्यादा पेड़ उखड़े, हरियाणा में क्रेन पलटने से 3 मजदूरों की मौत; 25 राज्यों में बारिश का अलर्ट

दिल्ली। देश के कई राज्यों में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन को प्रभावित किया।

उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में तेज हवाओं के कारण 500 से अधिक पेड़ उखड़ गए, जबकि हरियाणा के फरीदाबाद में फ्लाईओवर निर्माण कार्य के दौरान क्रेन पलटने से तीन मजदूरों की मौत हो गई।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को देश के 25 राज्यों में बारिश, आंधी और तूफान का अलर्ट जारी किया है।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी ने भारी नुकसान पहुंचाया। शहर में 80 से अधिक पेड़ और कई ट्रैफिक सिग्नल गिर गए।

वहीं उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद और अन्य शहरों में तेज हवाओं के चलते लगभग 400 पेड़ उखड़ गए। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही।

हरियाणा के फरीदाबाद में निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर काम कर रही एक भारी क्रेन कंटेनर पर पलट गई। हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी ओर बिहार के भागलपुर में आकाशीय बिजली गिरने से मां-बेटी की जान चली गई।

राजस्थान में भी मौसम का असर देखने को मिला। श्रीगंगानगर में ओलावृष्टि हुई, जबकि जयपुर में खराब मौसम के कारण दिल्ली से आने वाली चार उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। दिल्ली-एनसीआर में भी भारी बारिश और तेज हवाओं के चलते 11 उड़ानों का मार्ग बदला गया।

इस बीच तीन दिन की देरी से दक्षिण-पश्चिम मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में मानसून कर्नाटक, तमिलनाडु, गोवा, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ सकता है।

मौसम विभाग ने राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में अगले 48 घंटों के दौरान बारिश, आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version