एनएस राजा सुब्रमणि देश के नए CDS नियुक्त, स्वामीनाथन नौसेना प्रमुख बने

दिल्ली। केंद्र सरकार ने रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणी को देश का नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है। वे 31 मई को कार्यभार संभालेंगे। मौजूदा सीडीएस अनिल चौहान का कार्यकाल 30 मई को समाप्त हो रहा है। एनएस राजा सुब्रमणि देश के तीसरे सीडीएस होंगे और रक्षा मामलों के विभाग के सचिव की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
इसके साथ ही केंद्र ने वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को अगला नौसेना प्रमुख नियुक्त किया है। वे भी 31 मई से नई जिम्मेदारी संभालेंगे। एनएस राजा सुब्रमणि ने दिसंबर 1985 में गरवाल राइफल्स से सेना में कमीशन लिया था।
उन्होंने नेशनल डिफेंस एकेडमी और ब्रिटेन के जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज से सैन्य प्रशिक्षण हासिल किया। वे जुलाई 2025 में वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ पद से रिटायर हुए थे। वर्तमान में वे राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं।
करीब 39 साल के सैन्य करियर में उन्होंने सेंट्रल कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, नॉर्दर्न कमांड के चीफ ऑफ स्टाफ और II कोर के कमांडर समेत कई अहम पदों पर काम किया। उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल, सेना मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है।
वहीं, कृष्णा स्वामीनाथन 1987 में भारतीय नौसेना में शामिल हुए थे। वे कम्युनिकेशन और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर विशेषज्ञ माने जाते हैं। उन्होंने आईएनएस विक्रमादित्य समेत कई युद्धपोतों की कमान संभाली है।
CDS देश की तीनों सेनाओं के बीच समन्वय बनाने वाला सबसे वरिष्ठ सैन्य अधिकारी होता है। यह पद दिसंबर 2019 में बनाया गया था। विपिन रावत देश के पहले CDS थे।



