निर्माण गुणवत्ता में जरा भी लापरवाही नहीं चलेगी: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सख्त, दाढ़ी सीसी रोड मामले की जांच के आदेश

रायपुर। बेमेतरा जिले के नगर पंचायत दाढ़ी में हाल ही में बनी सीसी रोड के कुछ ही समय में क्षतिग्रस्त होने के मामले पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बेमेतरा कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं से दूरभाष पर चर्चा की और पूरे प्रकरण की समयबद्ध जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क का तकनीकी परीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए। साथ ही निर्माण में इस्तेमाल सामग्री, कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था की भी विस्तृत जांच होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने साफ निर्देश दिए कि यदि जांच में गुणवत्ता में कमी, मानकों का उल्लंघन या किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़क का जल्द पुनर्निर्माण कर आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा देने पर भी जोर दिया।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिले में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों की भी विशेष समीक्षा की जाए, ताकि कहीं और इस तरह की स्थिति पैदा न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं होगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही करने वालों के खिलाफ जवाबदेही तय की जाएगी और कार्रवाई अनिवार्य होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लगातार मॉनिटरिंग, फील्ड निरीक्षण और मजबूत गुणवत्ता नियंत्रण तंत्र के जरिए विकास कार्यों की विश्वसनीयता और टिकाऊपन सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार की मंशा स्पष्ट है—हर विकास कार्य में गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। उल्लेखनीय है कि उन्होंने प्रदेशभर में निर्माण कार्यों की निगरानी को और सख्त करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित और भरोसेमंद अधोसंरचना का लाभ मिल सके।

Exit mobile version