रायपुर। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। आम लोगों से अपील की गई है कि वे घबराकर अतिरिक्त खरीदारी या संग्रहण न करें।
खाद्य विभाग के मुताबिक प्रदेश में वर्तमान में 3 करोड़ 94 लाख 7 हजार 700 लीटर पेट्रोल और 8 करोड़ 8 लाख 83 हजार लीटर डीजल का स्टॉक मौजूद है। राज्यभर में 2516 पेट्रोल पंपों के जरिए नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति की जा रही है।
सरकार ने बताया कि रबी फसल की कटाई और खरीफ सीजन की तैयारी के कारण डीजल की मांग बढ़ी है। इसे देखते हुए ऑयल कंपनियों के लखौली और मंदिर हसौद स्थित डिपो के साथ ही कोरबा के गोपालपुर डिपो से लगातार जिलों को आपूर्ति की जा रही है।
22 मई को ही प्रदेश को 21 लाख 83 हजार लीटर पेट्रोल और 1 करोड़ 29 लाख 75 हजार लीटर डीजल प्राप्त हुआ है। इसके अलावा प्रतिदिन नियमित सप्लाई जारी है, जिससे किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।
खाद्य सचिव ने 20 मई को सभी ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर वितरण व्यवस्था की समीक्षा भी की थी। बैठक में निर्देश दिए गए कि जिन पेट्रोल पंपों में स्टॉक कम हो रहा हो, वहां तत्काल अतिरिक्त सप्लाई पहुंचाई जाए ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी न हो।
इधर राज्य शासन ने 22 मई से सभी पेट्रोल पंपों पर ड्रम और जरीकेन में पेट्रोल-डीजल देने पर प्रतिबंध लगा दिया है। हालांकि किसानों और कलेक्टर द्वारा चिन्हित अत्यावश्यक सेवाओं को इससे छूट दी गई है।
सरकार ने कहा है कि जरूरत के अनुसार सभी उपभोक्ताओं को पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है। लोगों से किसी भी तरह की अफवाह या भ्रम में नहीं आने की अपील की गई है।
