बेहतर विभागीय समन्वय से कार्यों में लाएं तेजी,निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी- बंसल

रायपुर। रायपुर में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने शनिवार को मुंगेली जिले का दौरा कर निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अफसर फील्ड में उतरकर काम की गति बढ़ाएं।

दौरे के दौरान सचिव ने निर्माणाधीन लोरमी बायपास सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके बाद मुंगेली सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सड़क निर्माण और अन्य परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई।

बैठक में श्री बंसल ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तेजी दोनों विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने नगरीय निकायों और अन्य विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा। साथ ही खराब सड़कों पर तत्काल पैचवर्क कराने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि सुगम यातायात शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। गांवों को बारहमासी सड़कों से जोड़ने के लिए नए प्रस्ताव तैयार कर जल्द शासन को भेजने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

सचिव ने अधिकारियों से नियमित रूप से फील्ड विजिट कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा की निगरानी करने को कहा।

बैठक में मुंगेली कलेक्टर कुन्दन कुमार, डीएफओ अभिनव कुमार, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय सहित लोक निर्माण विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनमें प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे और ज्ञानेश्वर कश्यप भी शामिल थे।

Exit mobile version