नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति के साथ खुल रहे विकास के नए द्वार: CM साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम लामकन्हार स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी सुनी। इस दौरान प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान की सराहना की। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताते हुए मुनगा के पोषण लाभों को जन-जन तक पहुंचाने और हर घर में पौधा लगाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ के माध्यम से देशभर में जनभागीदारी से हो रहे नवाचारों को राष्ट्रीय मंच देते हैं। छत्तीसगढ़ के बस्तर पंडुम, बस्तर ओलंपिक, मल्हार के ऐतिहासिक ताम्रपत्र और कोरिया के 5 प्रतिशत जल संचय मॉडल जैसे प्रयासों का भी कार्यक्रम में उल्लेख हो चुका है।

नक्सल प्रभावित क्षेत्र अब विकास की राह पर

सीएम साय ने कहा कि कांकेर और बस्तर का क्षेत्र लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की इच्छाशक्ति, सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय लोगों के सहयोग से प्रदेश नक्सलवाद से मुक्ति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जहां पहले भय और असुरक्षा का माहौल था, वहां अब शांति, विश्वास और विकास के नए अवसर बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, संचार और रोजगार जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

लामकन्हार को 85 लाख के विकास कार्य

मुख्यमंत्री ने ग्राम लामकन्हार के लिए 85 लाख रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की। इसमें शीतला मंदिर के पास सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख, प्राथमिक-माध्यमिक शाला भवन के लिए 37 लाख, छोटे पारा में सीसी रोड के लिए 18 लाख और एकलव्य विद्यालय में पुस्तकालय व प्रयोगशाला के लिए 15 लाख रुपए शामिल हैं।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में अमरूद का पौधा लगाया। इस दौरान सांसद भोजराज नाग, विधायक विक्रम उसेंडी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और ग्रामीण मौजूद रहे।

↑
Exit mobile version