रायपुर। छत्तीसगढ़ में NEET-UG 2026 के आधार पर एमबीबीएस (MBBS) और बीडीएस (BDS) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।
आयुक्त चिकित्सा शिक्षा (DME) ने शासकीय और निजी मेडिकल तथा डेंटल कॉलेजों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 9 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
चिकित्सा शिक्षा विभाग के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 9 अगस्त सुबह 11 बजे से शुरू होगी और 16 अगस्त रात 11:59 बजे तक चलेगी। वहीं, अभ्यर्थी 9 अगस्त से 17 अगस्त रात 11:59 बजे तक अपनी पसंद के कॉलेज और पाठ्यक्रम के लिए च्वाइस फिलिंग और लॉकिंग कर सकेंगे।
विभाग ने सभी अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले छत्तीसगढ़ चिकित्सा, दंत चिकित्सा एवं फिजियोथेरेपी स्नातक प्रवेश नियम-2025 का ध्यानपूर्वक अध्ययन करने की सलाह दी है।
विशेष रूप से आरक्षण, काउंसिलिंग प्रक्रिया और बॉन्ड संबंधी नियमों को समझने के बाद ही आवेदन करने को कहा गया है। नियमावली और विस्तृत दिशा-निर्देश विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
ऑनलाइन आवेदन शुल्क सामान्य (UR) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के अभ्यर्थियों के लिए 1000 रुपए, अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 500 रुपए, जबकि एनआरआई (NRI) श्रेणी के लिए 10 हजार रुपए निर्धारित किया गया है।
यह शुल्क पूरी तरह अप्रतिदेय (नॉन-रिफंडेबल) होगा। सुरक्षा निधि (पंजीयन राशि) संबंधी जानकारी भी काउंसिलिंग सूचना पत्र में दी गई है।
आयुक्त चिकित्सा शिक्षा ने अभ्यर्थियों से समय सीमा का विशेष ध्यान रखने और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी सभी जानकारी केवल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.cgdme.in तथा https://cgdme.admissions.nic.in/ से ही प्राप्त करने की अपील की है।
पहली चरण की काउंसिलिंग में शामिल होने के लिए निर्धारित तिथि के भीतर आवेदन और च्वाइस लॉकिंग अनिवार्य होगी।
