असम चुनाव में NDA की ‘सुनामी’ का दावा, मंत्री ओपी चौधरी बोले- 90 से ज्यादा सीटें जीतेंगे

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने असम विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले NDA के पक्ष में सिर्फ लहर नहीं, बल्कि सुनामी चल रही है, जिसका असर नतीजों में साफ दिखाई देगा।
मंत्री चौधरी ने कहा कि 126 सीटों वाले असम में भाजपा और NDA ने 103 सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ा है। उनका अनुमान है कि गठबंधन को 90 से अधिक सीटों पर जीत मिलेगी और एक बार फिर प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी।
उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे चुनाव प्रचार के साथ-साथ 10 सीटों पर प्लानिंग और मैनेजमेंट की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। इन सीटों पर उन्होंने प्रवासी प्रभारी के रूप में काम किया और उनमें से 9 सीटों पर जीत का दावा किया है।
चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में नॉर्थ-ईस्ट में अभूतपूर्व विकास हुआ है। इसी का असर असम में भी देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि पहले सर्वानंद सोनोवाल और अब हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में राज्य में तेजी से विकास कार्य हुए हैं।
मंत्री ने भरोसा जताया कि विकास और सुशासन के आधार पर असम की जनता NDA को एक बार फिर प्रचंड बहुमत देगी। उन्होंने कहा कि 4 तारीख को आने वाले नतीजे इस ‘सुनामी’ को साबित कर देंगे।





