छत्तीसगढ़ में 5 दिन बदला रहेगा मौसम, बारिश-अंधड़ का अलर्ट: 50 किमी रफ्तार से चलेंगी हवाएं; बस्तर में भारी बारिश के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को आंधी और बिजली गिरने के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में सक्रिय मौसम तंत्र के कारण वातावरण में नमी बढ़ी है, जिसके चलते बादल बनने और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। खासकर बस्तर संभाग में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। यहां कुछ स्थानों पर करीब 50 मिमी तक बारिश होने के अनुमान हैं।
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो उत्तर छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी रिकॉर्ड की गई है।
तापमान के लिहाज से बिलासपुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गर्मी और उमस के बीच बारिश की संभावना से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
राजधानी रायपुर में भी आज मौसम बदला हुआ रहेगा। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने शहर में गरज-चमक के साथ बारिश और धूलभरी आंधी की संभावना जताई है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में स्थानीय प्रभाव से बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। किसानों और आम लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है।





