रायगढ़ में महिला वकील की हत्या: शादी का दबाव बना तो प्रेमी ने जंगल में ले जाकर गला काटा

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जूनियर महिला वकील की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि शादी का दबाव बढ़ने पर उसने पूरी वारदात की साजिश रची थी। मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।
मृतका आराधना सिदार (30) जिला कोर्ट में जूनियर वकील थी। आरोपी लोकनाथ पटेल (30) मजदूर है और पहले से शादीशुदा है। दोनों की मुलाकात साल 2024 में सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। पुलिस के मुताबिक, आराधना लगातार शादी की बात कर रही थी, जिससे आरोपी परेशान था। इसी कारण उसने हत्या की योजना बनाई।
आरोपी 10 मई को आराधना को घूमाने के बहाने सक्ति और दमाउधारा मंदिर लेकर गया। रात में दोनों ने लॉज में रुके, जहां आरोपी ने फर्जी नाम से पति-पत्नी के रूप में एंट्री कराई। अगले दिन सुबह वह आराधना को तुमीडीह जंगल ले गया। यहां सुनसान इलाके में पहले गला दबाकर बेहोश किया, फिर पत्थर से चेहरा कुचल दिया। पुलिस के अनुसार, युवती की सांसें चल रही थीं, इसलिए आरोपी ने सब्जी काटने वाले चाकू से गला काट दिया।
पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी ने हत्या से पहले युवती के कपड़े उतार दिए, ताकि मामला किसी और दिशा में जाए। वारदात के बाद उसने डैम में हाथ-पैर धोए, युवती का बैग और मोबाइल नष्ट कर दिया। यहां तक कि मृतका के मोबाइल से उसकी बहन और दोस्तों को लड़की की आवाज निकालकर कॉल भी किया।
12 मई को जंगल में युवती की अर्धनग्न लाश मिली थी। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, बाइक नंबर और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। जिला अधिवक्ता संघ ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।





