मुंबई का सबसे बड़ा रनचेज: रोहित की धमाकेदार फिफ्टी, लखनऊ को 6 विकेट से हराया; मैच में बने कई रिकॉर्ड

दिल्ली। मुंबई इंडियंस ने IPL 2026 के 47वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मुंबई ने 229 रन का लक्ष्य 18.4 ओवर में हासिल कर IPL में अपना सबसे बड़ा रनचेज पूरा किया।
पांच मैच बाद वापसी कर रहे रोहित शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 84 रन बनाए। उन्होंने 7 छक्के जड़े और एम. सिद्धार्थ की गेंद पर छक्का लगाकर अपनी फिफ्टी पूरी की। रोहित और रायन रिकेल्टन ने पहले विकेट के लिए 143 रन की साझेदारी की, जो इस जोड़ी की तीसरी शतकीय साझेदारी रही।
लखनऊ की ओर से निकोलस पूरन ने 16 गेंदों में तेज फिफ्टी लगाकर टीम को मजबूत शुरुआत दी। टीम ने पावरप्ले में 90 रन बनाकर अपना बेस्ट पावरप्ले स्कोर भी दर्ज किया। हालांकि कप्तान ऋषभ पंत को 0 रन पर जीवनदान मिला, जब रिकेल्टन उनका कैच पकड़ने से चूक गए।
मैच में कई दिलचस्प मोमेंट्स भी देखने को मिले। मुंबई के गेंदबाज रघु शर्मा ने IPL में अपना पहला विकेट लेने के बाद जेब से ‘राधे-राधे’ लिखी पर्ची निकालकर जश्न मनाया, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
इसके अलावा जसप्रीत बुमराह को एक विकेट मिला, लेकिन वह नो-बॉल होने के कारण रद्द हो गया। वहीं नमन धीर का आसान कैच भी छूट गया।
आखिर में विल जैक्स ने छक्का लगाकर मुंबई को जीत दिलाई। इस जीत के साथ मुंबई ने सीजन में वापसी के संकेत दिए हैं और लगातार हार के बाद जीत की पटरी पर लौट आई है।





