ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ को GeM सस्टेनेबल प्रोक्योरमेंट अवार्ड, सरकारी खरीदी दोगुनी होकर 3,935 करोड़ पहुंची

रायपुर। छत्तीसगढ़ को सरकारी खरीद के डिजिटल प्लेटफॉर्म गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) के 10वें स्थापना दिवस समारोह में ‘GeM सस्टेनेबल प्रोक्योरमेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है।

नई दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में राज्य को यह सम्मान मिला। GeM की 10वीं वर्षगांठ पर समारोह की थीम ‘GeM 10: A Decade of Exponential Possibilities’ रखी गई थी।

राज्य सरकारों के लिए ‘प्रीमियर अवार्ड्स-स्टेट गवर्नमेंट फेलिसिटेशन’ श्रेणी में छत्तीसगढ़ को GeM के प्रभावी उपयोग और सरकारी खरीदी में उल्लेखनीय वृद्धि के लिए यह पुरस्कार दिया गया है।

एक साल में 113% बढ़ी खरीदी

छत्तीसगढ़ में GeM के जरिए सरकारी खरीदी वित्तीय वर्ष 2025-26 में बढ़कर 3,935 करोड़ रुपए हो गई। पिछले वित्तीय वर्ष के मुकाबले इसमें 113% की वृद्धि दर्ज की गई है। विभागों, निगमों और स्थानीय निकायों की खरीदी को एक साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने से पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा बढ़ी है।

GeM की प्रतिस्पर्धी निविदा प्रक्रिया से वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य को करीब 130 करोड़ रुपए की बचत हुई। पिछले तीन वित्तीय वर्षों में प्रतिस्पर्धी खरीद से कुल 235 करोड़ रुपए की बचत होने का दावा किया गया है।

छोटे कारोबारियों को 1800 करोड़ के ऑर्डर

GeM के जरिए सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों (MSEs) की भागीदारी भी बढ़ी है। वर्ष 2025-26 में MSEs से सरकारी खरीदी 61% बढ़कर 1,800 करोड़ रुपए हो गई। यह निर्धारित 25% खरीद लक्ष्य से काफी अधिक है।

महिला उद्यमियों से खरीदी में 97%, अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के उद्यमियों से 108% और स्टार्टअप से खरीदी में 178% की वृद्धि दर्ज की गई।

CM बोले- उद्यमियों को मिला सीधा बाजार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर कहा कि GeM ने छत्तीसगढ़ के उद्यमियों को बिना किसी मध्यस्थ के सीधे सरकारी मांग और बाजार से जुड़ने का अवसर दिया है।

उन्होंने कहा कि पारदर्शी डिजिटल प्लेटफॉर्म से छोटे उद्यमियों, महिला उद्यमियों, SC-ST वर्ग और स्टार्टअप को समान अवसर मिल रहे हैं। सरकार का लक्ष्य इस व्यवस्था का लाभ प्रदेश के अधिक से अधिक उद्यमियों तक पहुंचाना है।

Related Articles

Back to top button