ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मानसून सुस्त, 5 दिन अंधड़-बारिश का अलर्ट: 69% कम बरसा पानी, 50 किमी रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक के बावजूद बारिश की रफ्तार अभी भी धीमी बनी हुई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से अब तक प्रदेश में सामान्य 108.2 मिमी वर्षा के मुकाबले केवल 33.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो औसत से करीब 69 प्रतिशत कम है। हालांकि दंतेवाड़ा क्षेत्र से मानसून की एंट्री हो चुकी है और अगले पांच दिनों तक कई जिलों में गरज-चमक, तेज बारिश तथा अंधड़ की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही बिजली गिरने और मध्यम से भारी बारिश के भी आसार हैं। मध्य छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है।

बारिश के मामले में बस्तर संभाग की स्थिति प्रदेश में सबसे बेहतर है, लेकिन यहां भी सामान्य से कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। बस्तर जिले में 74.8 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 48 प्रतिशत कम है। वहीं दंतेवाड़ा और सुकमा में भी 54 प्रतिशत तक वर्षा की कमी दर्ज की गई है।

मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में हालात अधिक चिंताजनक हैं। रायपुर में अब तक 72 प्रतिशत, महासमुंद में 80 प्रतिशत और बलौदाबाजार में 83 प्रतिशत वर्षा की कमी दर्ज की गई है। राजनांदगांव की स्थिति सबसे गंभीर है, जहां सामान्य के मुकाबले 92 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि खरीफ सीजन के लिए अगले 10 दिन बेहद महत्वपूर्ण हैं। किसानों को बुवाई के लिए पर्याप्त नमी का इंतजार है। मौसम विभाग का कहना है कि यदि जून के अंतिम सप्ताह में व्यापक बारिश होती है तो प्रदेश में बना वर्षा घाटा काफी हद तक कम हो सकता है। फिलहाल राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button