रायपुर। छत्तीसगढ़ में आखिरकार मानसून बस्तर से आगे बढ़कर दुर्ग तक पहुंच गया है। अगले 24 घंटे में राजधानी रायपुर में भी मानसून पहुंचने की संभावना है। सोमवार सुबह से ही रायपुर में बादल छाए रहे।
मौसम विभाग ने 8 जिलों गौरेला-पेंड्रा-मारवाही, कोरबा, रायगढ़, मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भारी बारिश और बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं रायपुर, दुर्ग समेत 10 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटे में दुर्ग में सर्वाधिक 60 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में 4-5 डिग्री की गिरावट आई है। प्रदेश में दुर्ग 36.2 डिग्री के साथ सबसे गर्म, जबकि राजनांदगांव 21 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा।
इस बार मानसून ने 16 दिन पहले दस्तक दी थी। 64 वर्षों में पहली बार ऐसा हुआ है कि मई में ही मानसून छत्तीसगढ़ में पहुंचा। हालांकि जून में अब तक 82% जिलों में सामान्य से कम वर्षा हुई है, जिससे खरीफ फसलों पर असर पड़ सकता है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार स्थिति बेहतर है। मई में 374% ज्यादा बारिश हुई थी। अगर मानसून ब्रेक की स्थिति नहीं बनी तो लंबे समय तक इसका लाभ मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित आश्रय में रहने की सलाह दी है।