दिल्ली। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने छत्तीसगढ़ में अपनी राजनीतिक गतिविधियां बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि LJP (रामविलास) छत्तीसगढ़ में चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह पार्टी के लिए प्राथमिकता वाले राज्यों में शामिल है।
रायपुर पहुंचे चिराग पासवान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में उनके पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के समर्थकों की संख्या काफी रही है। राज्य में पार्टी का संगठन भी मजबूत है। इसी आधार पर LJP अब यहां संगठन को और विस्तार देने के साथ चुनावी गतिविधियां बढ़ाएगी।
चिराग पासवान रविवार को रायपुर के मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित ‘युवा संवाद 2026’ कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं से संवाद किया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने छत्तीसगढ़ में पार्टी के विस्तार की रणनीति को लेकर जानकारी दी।
चिराग ने कहा कि युवाओं के साथ संवाद करना जरूरी है। पार्टी राज्य में अपनी मौजूदगी मजबूत करने के लिए लगातार काम करेगी। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले चुनावों में LJP अपनी राजनीतिक ताकत के आधार पर मैदान में उतर सकती है।
भूपेश बघेल बोले- चुनाव लड़ना है तो आएं
चिराग पासवान के बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान छत्तीसगढ़ आएं और अपनी पार्टी को चुनाव में उतारें। इससे राज्य की राजनीति में LJP की एंट्री को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
यूपी में भूमिका अभी तय नहीं
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर चिराग पासवान ने कहा कि वहां पार्टी की भूमिका अभी तय होना बाकी है। उन्होंने नागालैंड का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां LJP के दो विधायक हैं, लेकिन पार्टी ने गठबंधन से अलग होकर अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी पार्टी चुनाव के लिए तैयार है।
