दिल्ली। अभिनेत्री जान्हवी कपूर ने अपनी फिल्म ‘देवरा: पार्ट 1’ के गाने ‘चुट्टामल्ले’ पर बनाए गए AI जनरेटेड अश्लील डीपफेक वीडियो पर कड़ी नाराजगी जताई है। इंस्टाग्राम स्टोरी पर बयान जारी करते हुए उन्होंने बिना सहमति महिलाओं के ऐसे वीडियो बनाने और फैलाने को उनकी गरिमा और निजता का गंभीर उल्लंघन बताया। जान्हवी ने इसे डिजिटल यौन उत्पीड़न जैसा कृत्य बताया।
जान्हवी ने कहा कि महिलाओं को वस्तु की तरह पेश करना और उनकी अनुमति के बिना उनके शरीर या चेहरे का इस्तेमाल कर आपत्तिजनक कंटेंट तैयार करना बेहद गंभीर है। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री की कई महिलाएं इस तरह की समस्या का सामना कर चुकी हैं और अब आम महिलाएं भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर इसका शिकार हो रही हैं।
एक्ट्रेस ने महिलाओं की सहमति और उनकी सीमाओं का सम्मान करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी महिला की पसंद या पहनावे को उसकी सहमति नहीं माना जा सकता। वह कब सहज है और कब नहीं, इसका फैसला सिर्फ उसी का होना चाहिए।
जान्हवी ने कहा कि समाज को सिर्फ अपनी बेटियों को सुरक्षित रखने की सलाह देने के बजाय अपनी सोच बदलने की जरूरत है। लोगों को दूसरों की निजता और सीमाओं का सम्मान करना सीखना होगा।
उन्होंने इस मुद्दे पर आवाज उठाने के लिए अपने को-स्टार जूनियर एनटीआर, अभिनेता चिरंजीवी, विजय देवरकोंडा और खुशबू सुंदर का आभार जताया। जूनियर एनटीआर ने भी मॉर्फ्ड वीडियो बनाने और फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। उन्होंने लोगों से ऐसे वीडियो को देखने, शेयर करने या प्रतिक्रिया देने से बचने की अपील की थी।
विजय देवरकोंडा और चिरंजीवी ने भी वीडियो की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। चिरंजीवी ने इसे शर्मनाक बताते हुए साइबर क्राइम अधिकारियों के साथ मिलकर ऐसे मामलों से निपटने के लिए सपोर्ट सिस्टम बनाने की बात कही।
