प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो बनीं मिस यूनिवर्स 2026: पहली शादीशुदा महिला और मां ने जीता ताज; भारतीय कारीगरों की कढ़ाई वाला गाउन पहना

नई दिल्ली। प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने मिस यूनिवर्स 2026 का खिताब जीत लिया है। 25 नवंबर को राजधानी सैन जुआन में आयोजित प्रतियोगिता के 75वें ग्रैंड फिनाले में उन्हें विजेता चुना गया। मिस यूनिवर्स 2025 की विजेता मैक्सिको की फातिमा बॉश ने उन्हें ताज पहनाया।

जेनिफर यह खिताब जीतने वाली प्यूर्टो रिको की छठी प्रतियोगी हैं। खास बात यह है कि वह मिस यूनिवर्स बनने वाली पहली शादीशुदा महिला और मां हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान भारतीय कारीगरों की कढ़ाई वाला गाउन पहना, जिसकी खूब चर्चा हुई। जेनिफर ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए करीब 30 किलो वजन भी घटाया है।

फरवरी में पहली बार किया था रैंप वॉक

जेनिफर मॉडल और सोशल वर्कर हैं। उन्होंने फरवरी 2026 में पहली बार रैंप वॉक किया था। इसके बाद जून में मिस यूनिवर्स प्यूर्टो रिको का खिताब जीता और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपने देश का प्रतिनिधित्व किया। विजेता घोषित होने पर वह भावुक हो गईं।

डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज फर्स्ट रनर-अप और वेनेजुएला की क्लारा वेगास सेकेंड रनर-अप रहीं।

भारत की काजिया टॉप-30 तक पहुंचीं

इस साल भारत की ओर से केरल की 19 वर्षीय काजिया लिज मेजो ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में 116 देशों और क्षेत्रों की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। काजिया ने टॉप-30 में जगह बनाई, लेकिन टॉप-12 में पहुंचने से चूक गईं।

2023 से बदले थे प्रतियोगिता के नियम

मिस यूनिवर्स संगठन ने 2023 से प्रतियोगिता के नियमों में बदलाव किया था। इसके बाद शादीशुदा और तलाकशुदा महिलाओं के साथ मां बन चुकी महिलाओं को भी हिस्सा लेने की अनुमति मिली। इससे पहले प्रतियोगिता में केवल अविवाहित महिलाएं ही शामिल हो सकती थीं।

इस बार विजेता को 3,150 हीरों से जड़ा विशेष डायमंड क्राउन पहनाया गया। यह 18 कैरेट व्हाइट गोल्ड से तैयार किया गया है। भारत अब तक तीन बार मिस यूनिवर्स का खिताब जीत चुका है। सुष्मिता सेन (1994), लारा दत्ता (2000) और हरनाज संधू (2021) ने यह उपलब्धि हासिल की थी।

↑
Exit mobile version