मोदी सरकार ने जारी किए 3,602 करोड़, छत्तीसगढ़ में विकास परियोजनाओं को मिलेगा बल

रायपुर। केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को कर हस्तांतरण के तहत अग्रिम राशि जारी किए जाने से छत्तीसगढ़ को 3,602 करोड़ रुपये की कर हिस्सेदारी प्राप्त हुई है।
प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय सहकारी संघवाद की भावना को और अधिक मजबूत करने वाला है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को कुल 1,09,019 करोड़ रुपये की कर हस्तांतरण राशि जारी करने का फैसला किया है। इसके तहत छत्तीसगढ़ को 3,602 करोड़ रुपये की अग्रिम कर हिस्सेदारी मिली है, जिससे राज्य की वित्तीय स्थिति और मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग अधोसंरचना विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विभिन्न विकास परियोजनाओं को गति देने में किया जाएगा।
इससे सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों में तेजी आएगी तथा आम नागरिकों तक योजनाओं का लाभ और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।
वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार राज्यों के समग्र विकास के लिए निरंतर सहयोग कर रही है। समय पर कर हस्तांतरण से राज्यों को वित्तीय संसाधन उपलब्ध होते हैं, जिससे विकास योजनाओं के संचालन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आती और परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने में मदद मिलती है।
उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
उन्होंने कहा कि यह वित्तीय सहायता राज्य को समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।





