ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

BSP टाउनशिप बचाने आज से घर-घर पहुंचेंगे विधायक देवेंद्र यादव: नोटिस पाने वाले परिवारों से करेंगे मुलाकात, आंदोलन की तैयारी

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) टाउनशिप, सेक्टर-9 अस्पताल और मैत्री बाग को लेकर चल रहे विवाद के बीच भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव बुधवार से जनसंपर्क अभियान शुरू करेंगे। अभियान की शुरुआत सेक्टर-2 से होगी। विधायक घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात करेंगे, नोटिस प्राप्त परिवारों की समस्याएं सुनेंगे और टाउनशिप बचाने के लिए जनसमर्थन जुटाएंगे।

देवेंद्र यादव ने कहा कि छह महीने पहले हुए भिलाई सत्याग्रह आंदोलन के दौरान बीएसपी प्रबंधन ने भरोसा दिलाया था कि सेक्टर-9 अस्पताल को न बेचा जाएगा और न ही किसी निजी संस्था को लीज पर दिया जाएगा। साथ ही टाउनशिप और मैत्री बाग की मौजूदा व्यवस्था को भी सुरक्षित रखने का आश्वासन दिया गया था। उनका आरोप है कि अब तक इस संबंध में कोई स्पष्ट निर्णय सामने नहीं आया है, जबकि लगातार मकान खाली करने के नोटिस जारी होने से लोगों में असुरक्षा का माहौल है।

विधायक ने कहा कि जिन परिवारों को नोटिस मिले हैं, उनसे वे सीधे बातचीत करेंगे और उनकी समस्याओं को जानेंगे। इसके बाद लोगों की राय और समर्थन के आधार पर लोकतांत्रिक एवं गांधीवादी तरीके से बड़े जनआंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।

देवेंद्र यादव का कहना है कि भिलाई केवल एक औद्योगिक नगर नहीं, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों से आए हजारों परिवारों की वर्षों पुरानी बसाहट और साझा संस्कृति का प्रतीक है। ऐसे में किसी भी परिवार को जबरन मकान खाली कराने की कार्रवाई उचित नहीं है।

उन्होंने दावा किया कि इस पूरे मामले से 10 हजार से अधिक परिवार प्रभावित हो सकते हैं। टाउनशिप के भविष्य को लेकर लोगों में कई तरह की आशंकाएं हैं, हालांकि इस संबंध में बीएसपी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। विधायक ने कहा कि उनकी टीम हर प्रभावित परिवार तक पहुंचेगी और आवश्यकता पड़ने पर इस लड़ाई को हर स्तर तक ले जाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button