प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने का आज आखिरी मौका: 6.25% तक छूट का मिलेगा लाभ, निगम ने करदाताओं से की अपील

रायपुर। रायपुर नगर निगम में संपत्तिकर (प्रॉपर्टी टैक्स) जमा करने पर मिलने वाली अधिकतम 6.25 प्रतिशत की छूट का लाभ लेने के लिए आज (30 जून) अंतिम दिन है। नगर निगम ने शहर के सभी करदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर टैक्स जमा कर छूट का लाभ उठाएं और अतिरिक्त आर्थिक बोझ से बचें।
छूट की अंतिम तिथि से एक दिन पहले सोमवार को निगम ने विशेष राजस्व वसूली अभियान चलाया। निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर सभी जोनों में अभियान संचालित किया गया, जिसमें 1070 संपत्तियों से कुल 1 करोड़ 55 लाख 63 हजार 119 रुपए का संपत्तिकर वसूला गया।
राजस्व विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, जोन-9 में सबसे अधिक 196 संपत्तियों से 20.55 लाख रुपए की वसूली हुई। वहीं जोन-4 में 90 संपत्तियों से 20.85 लाख, जोन-8 में 120 संपत्तियों से 18.96 लाख, जोन-5 में 119 संपत्तियों से 15.03 लाख, जोन-10 में 136 संपत्तियों से 12.06 लाख, जोन-7 में 64 संपत्तियों से 11.01 लाख और जोन-3 में 90 संपत्तियों से 10.98 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ। अन्य जोनों में भी दिनभर वसूली अभियान जारी रहा।
नगर निगम ने सभी जोन कमिश्नरों को व्यावसायिक संपत्तियों का सर्वे कर सही कर निर्धारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि कर संग्रह में वृद्धि हो सके और राजस्व का दायरा बढ़ाया जा सके।
नगर निगम के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 के देय संपत्तिकर की पूरी राशि 30 जून तक जमा करने वाले करदाताओं को अधिकतम 6.25 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। निगम ने नागरिकों से ऑनलाइन या अपने संबंधित जोन कार्यालय में पहुंचकर आज ही टैक्स जमा करने की अपील की है, क्योंकि इसके बाद छूट का लाभ समाप्त हो जाएगा।





