सारंगढ़ में मानव श्रृंखला से गूंजा नशामुक्त भारत का संदेश: नुक्कड़ नाटक और रैली से लोगों को किया जागरूक

सारंगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा के 25 वर्ष’ के अवसर पर समाज कल्याण विभाग ने शनिवार को खेलभांठा मैदान में नशामुक्त भारत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए स्वस्थ और नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत नुक्कड़ नाटक से हुई। कलाकारों ने नशे की लत से व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले असर को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया। इसके बाद खेलभांठा मैदान से जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें एनसीसी कैडेट्स, स्कूली छात्र-छात्राएं, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। प्रतिभागियों ने नशामुक्ति से जुड़े नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया।

हाथों में हाथ थामकर बनाई मानव श्रृंखला

रैली के बाद खेलभांठा मैदान में बड़ी संख्या में लोगों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर मानव श्रृंखला बनाई। इस दौरान नशामुक्त भारत का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों को स्वयं नशे से दूर रहने और परिवार तथा आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में समाज कल्याण और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए। सभी ने नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को लगातार आगे बढ़ाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

↑
Exit mobile version