MCX किंग मन्नू नत्थानी बना ऑनलाइन सट्‌टा सिंडिकेट का मास्टरमाइंड: 3 राज्यों तक फैला नेटवर्क, खुद के नाम से बनाई ‘अभिनंदन बुक’

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन क्रिकेट सट्‌टे के बड़े नेटवर्क की जांच में अब सराफा कारोबारी और ‘MCX किंग’ के नाम से चर्चित अभिनंदन नत्थानी उर्फ मन्नू नत्थानी का नाम सामने आया है। रायगढ़ पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि मन्नू ने रिश्तेदारों, दोस्तों और भरोसेमंद एजेंटों की मदद से छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश तक सट्‌टा सिंडिकेट फैला रखा था।

पुलिस के मुताबिक, आईपीएल मैचों पर करोड़ों रुपए का ऑनलाइन सट्‌टा गोवा से ऑपरेट किया जा रहा था। इसके लिए आरोपी ने अपने नाम से ही ‘अभिनंदन बुक’ तैयार की थी, ताकि ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ी इस प्लेटफॉर्म से जुड़ सकें। रायगढ़ पुलिस ने हाल ही में गोवा से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी ऐसे ऐप का इस्तेमाल कर रहे थे, जिसमें क्रिकेट मैच का लाइव अपडेट टीवी प्रसारण से करीब 7 सेकेंड पहले मिल जाता था। इसी एडवांस जानकारी के आधार पर सटोरिए तुरंत रेट बदल देते थे और खिलाड़ियों से मोटा मुनाफा कमाते थे।

पुलिस के अनुसार, दुबई से मिलने वाली बेटिंग आईडी रायपुर, नागपुर, सक्ती, खरसिया समेत कई शहरों तक सप्लाई की जाती थी। इसके बाद एजेंटों के जरिए छोटे खाईवालों और प्लेयर्स तक आईडी पहुंचाई जाती थी। हर ट्रांजेक्शन पर कमीशन लिया जाता था। जांच में हवाला नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग भी मिले हैं। मोबाइल फोन के जरिए नोटों के सीरियल नंबर शेयर कर रकम ट्रांसफर करने के सबूत पुलिस को मिले हैं।

पुलिस का दावा है कि मन्नू नत्थानी लंबे समय से सेंट्रल इंडिया में ऑनलाइन सट्‌टे का बड़ा नेटवर्क चला रहा था। उसके करीबी गोवा के कैंडोलिम बीच इलाके में किराए के विला लेकर आईपीएल सट्‌टा संचालित कर रहे थे।

कार्रवाई के दौरान आरोपी मोबाइल और दस्तावेज नष्ट करने की कोशिश कर रहे थे। मौके से 10 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अमित मित्तल, मोहित सोमानी, प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, राहुल खंडेलवाल और सुलभ खंडेलवाल शामिल हैं।

Exit mobile version