रायपुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने रविवार को नारायणपुर जिला मुख्यालय में विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों की बैठक लेकर जिले में चल रहे सड़क, पुल और राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर नम्रता जैन , लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग के मुख्य अभियंता ज्ञानेश्वर कश्यप और अधीक्षण अभियंता संजय सूर्यवंशी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद लोक निर्माण विभाग के सचिव ने कोंडागांव से नारायणपुर होते हुए महाराष्ट्र सीमा तक बन रहे राष्ट्रीय राजमार्ग-130डी का निरीक्षण किया।
उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश देते हुए कहा कि यह सड़क क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है, इसलिए इसका काम तय समय-सीमा में पूरा किया जाए, ताकि लोगों को जल्द बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।
समीक्षा बैठक में बंसल ने पहुंचविहीन गांवों में बारहमासी संपर्क सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन गांवों में अब तक सड़क और पुल की सुविधा नहीं पहुंची है, वहां के प्रस्ताव जल्द तैयार कर शासन को भेजे जाएं। साथ ही इस वर्ष के बजट में शामिल कार्यों की डीपीआर तैयार कर शीघ्र स्वीकृति के लिए भेजने को कहा।
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने सड़क और पुल निर्माण से जुड़े भू-अर्जन तथा वन-व्यपवर्तन के मामलों की भी समीक्षा की। उन्होंने ठेकेदारों से निर्माण कार्यों की प्रगति, भुगतान और मौके पर आने वाली समस्याओं की जानकारी ली।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। गुणवत्तापूर्ण सड़क और पुल बनने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा और विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी।
