कांकेर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने रविवार को कांकेर जिले का दौरा कर निर्माणाधीन सड़कों, पुलों और भवनों के कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने साफ कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नरहरपुर कॉलेज भवन निर्माण में अत्यधिक ढिलाई पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार को तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
भानुप्रतापपुर में आयोजित बैठक में सचिव ने विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों को कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
सचिव बंसल ने कहा कि आगामी मानसून को देखते हुए सभी सड़कों की मरम्मत बरसात शुरू होने से पहले पूरी कर ली जाए। सड़कों और पुलों पर सुरक्षा के लिहाज से रेलिंग और रिफ्लेक्टर लगाने के काम भी जल्द पूरे करने को कहा गया। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क और पुल के ज्वाइंट पूरी तरह स्मूथ हों, ताकि यातायात प्रभावित न हो।
सचिव ने दूरस्थ और पहुंचविहीन गांवों को बारहमासी सड़कों से जोड़ने के लिए नए पुल निर्माण प्रस्ताव तैयार कर जल्द शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार वनांचल और दूरदराज क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी को प्राथमिकता दे रही है।
बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी जोर दिया गया। सचिव ने चेतावनी देते हुए कहा कि काम में देरी और खराब गुणवत्ता वाले निर्माण पर ठेकेदारों पर पेनाल्टी लगाई जाए। जरूरत पड़ने पर उन्हें डिग्रेड और टर्मिनेट भी किया जाए।
बैठक के बाद सचिव बंसल ने छोटे नारायणपुर में खंडी नदी और मेढ़की नदी पर बन रहे उच्च स्तरीय पुलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अंतागढ़ से नारायणपुर तक करीब 120 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी जायजा लिया और अधिकारियों को समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
