घर बैठे ऐप से कटाया टोकन, 80 क्विंटल धान बेचा: मरवाही के किसान को मिली 2.48 लाख रुपए की कीमत

किसान तुहर टोकन ऐप से केंद्र के चक्कर और लंबी कतारों से मिली राहत; 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से हो रही खरीदी

जीपीएम। छत्तीसगढ़ में धान बेचने के लिए अब किसानों को टोकन कटवाने के लिए उपार्जन केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही क्षेत्र के किसान दिनेश कुमार राय ने मोबाइल ऐप से घर बैठे टोकन लिया और 80 क्विंटल धान उपार्जन केंद्र में बेच दिया। 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से उनके धान की कुल कीमत 2 लाख 48 हजार रुपए हुई।

दिनेश कुमार राय ने बताया कि पहले धान बेचने के लिए टोकन हासिल करना बड़ी चुनौती होती थी। इसके लिए उपार्जन केंद्र जाना पड़ता था और लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता था।

अब किसान तुहर टोकन ऐप से मोबाइल पर ही टोकन मिल जाता है। उन्होंने भी घर बैठे ऐप के जरिए टोकन प्राप्त किया और निर्धारित तारीख पर मरवाही उपार्जन केंद्र पहुंचकर धान बेच दिया।

समय और श्रम दोनों की बचत

किसान के मुताबिक, डिजिटल टोकन सुविधा से अनावश्यक भागदौड़ कम हुई है। अब टोकन के लिए केंद्रों के चक्कर लगाने और कतार में खड़े रहने की जरूरत नहीं पड़ती।

किसान अपनी सुविधा के अनुसार टोकन लेकर तय तारीख पर उपज बेचने पहुंच सकते हैं। इससे खरीदी केंद्रों में भीड़ कम करने और व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने में मदद मिल रही है।

80 क्विंटल धान के मिले 2.48 लाख रुपए

दिनेश राय ने बताया कि सरकार द्वारा 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी किए जाने से किसानों को आर्थिक सहारा मिल रहा है। उन्होंने 80 क्विंटल धान बेचा, जिसकी कीमत 2 लाख 48 हजार रुपए होती है।

बेहतर मूल्य मिलने से खेती में निवेश और परिवार की जरूरतें पूरी करने में मदद मिलती है।

किसान ने धान खरीदी की व्यवस्था, डिजिटल टोकन सुविधा और समर्थन मूल्य के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया।

↑
Exit mobile version