6 राज्यों के 150 युवाओं से बोले अरुण साव- 2047 में विकसित भारत की कमान आपके हाथों में होगी

रायपुर। छत्तीसगढ़ भ्रमण पर आए 6 राज्यों के 150 युवाओं ने रविवार को उप मुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात की। त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से आए ये युवा 17 से 23 नवंबर तक आयोजित भारत सरकार के ‘वंदे मातरम शिविर’ में शामिल हुए।

सात दिन के प्रवास में उन्होंने छत्तीसगढ़ की संस्कृति, खानपान, इतिहास और विकास को करीब से जाना। प्रवास के अंतिम दिन नवा रायपुर स्थित उप मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में युवाओं ने अपने अनुभव साझा किए।

इस दौरान अरुण साव ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाने और उसका नेतृत्व करने की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी के कंधों पर होगी।

युवाओं में इतनी क्षमता और आत्मविश्वास है कि वे भारत को दुनिया में अग्रणी बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिविर से युवा सिर्फ अनुभव लेकर नहीं लौट रहे, बल्कि अलग-अलग राज्यों में नए दोस्त और परिवार भी बना रहे हैं। यही भारत की असली ताकत है।

200 नए परिवारों से जुड़े युवा

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सात दिनों में युवाओं ने 200 दोस्त ही नहीं बनाए, बल्कि देशभर में 200 नए परिवारों से रिश्ते जोड़े हैं। भारत की विशेषता विविधता में एकता है।

यहां हर 20-25 किलोमीटर पर भाषा, खानपान और वेशभूषा बदल जाती है, लेकिन देश की एकता कायम रहती है। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करना ही शिविर का उद्देश्य है।

उन्होंने युवाओं से कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ अपनी संस्कृति, सभ्यता, संस्कार और परंपराओं का ज्ञान भी जरूरी है। चुनौतियों से घबराने के बजाय आत्मविश्वास और धैर्य के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

संग्रहालय से विधानसभा और सिरपुर तक पहुंचे

शिविर के दौरान युवाओं ने राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की। उन्होंने नवा रायपुर के आदिवासी संग्रहालय, शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय, पुरखौती मुक्तांगन, विधानसभा और सिरपुर का भ्रमण किया।

अलावा सियान गुड़ी में बुजुर्गों और बालिकाओं के साथ समय बिताया। डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और उद्यमिता पर भी सत्र आयोजित किए गए।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों, रंगोली प्रतियोगिता और खाद्य महोत्सव के जरिए युवाओं ने एक-दूसरे के राज्यों की परंपराओं को जाना। इस दौरान मेरा युवा भारत के राज्य समन्वयक अर्पित तिवारी भी मौजूद रहे।

↑
Exit mobile version