अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस 4 दिन के भारत दौरे पर आज पहुंचेंगे दिल्ली, PM मोदी से करेंगे मुलाकात

नई दिल्ली। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस आज सुबह भारत दौरे पर आ रहे हैं। ये उनके उपराष्ट्रपति बनने के बाद पहला भारत दौरा है। वे पत्नी उषा वेंस और अपने तीन बच्चों के साथ भारत आ रहे हैं। उनका विमान सुबह 10 बजे दिल्ली पहुंचेगा।
दिल्ली पहुंचकर वे सबसे पहले अक्षरधाम मंदिर जाएंगे और फिर भारतीय शिल्पकला देखने किसी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जाएंगे। इसके बाद वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, NSA अजित डोभाल और अन्य अधिकारियों से मिलेंगे। पीएम मोदी उनके सम्मान में रात को डिनर भी देंगे।
जयपुर और आगरा का दौरा भी करेंगे
रविवार रात वे जयपुर रवाना होंगे, जहां सोमवार और मंगलवार रुकेंगे। वे आमेर फोर्ट और सिटी पैलेस जैसी जगहों पर घूमेंगे। राजस्थान की संस्कृति, लोकनृत्य, भोजन और पहनावे से उन्हें रूबरू कराया जाएगा। सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। करीब 2100 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। बुधवार को वे आगरा जाकर ताजमहल देखने का कार्यक्रम भी रखेंगे।
13 साल बाद किसी अमेरिकी उपराष्ट्रपति का भारत दौरा
इससे पहले 2013 में जो बाइडेन उपराष्ट्रपति रहते भारत आए थे। यानी 13 साल बाद किसी अमेरिकी उपराष्ट्रपति की भारत यात्रा हो रही है। इस दौरे में दोनों देशों के बीच व्यापार, टैरिफ विवाद और सुरक्षा सहयोग पर चर्चा होगी।
भारतीय मूल की हैं उषा वेंस, पहली बार भारत आ रही हैं
जेडी वेंस की पत्नी उषा वेंस भारतीय मूल की हैं। उनके माता-पिता आंध्र प्रदेश से हैं। उषा का यह पहला भारत दौरा है। फरवरी में पेरिस में हुए AI समिट के दौरान पीएम मोदी ने जेडी वेंस और उनके परिवार से मुलाकात की थी।