रायपुर। छत्तीसगढ़ में शहरी विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की उच्च स्तरीय बैठक में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को हरी झंडी दी गई। इन योजनाओं के लागू होने से नवा रायपुर और रायपुर शहर की अधोसंरचना को नई पहचान मिलेगी।
बैठक में नवा रायपुर में नए शासकीय कार्यालय और संयुक्त भवन निर्माण के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई। महानदी भवन और इंद्रावती भवन की मल्टी लेवल पार्किंग के दूसरे और तीसरे तल पर आधुनिक कार्यालय बनाए जाएंगे। इस परियोजना की लागत लगभग 131 करोड़ रुपये तय की गई है। वहीं नवा रायपुर के सेक्टर-24 में करीब 171 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से विशाल संयुक्त शासकीय भवन का निर्माण किया जाएगा।
आम नागरिकों और कर्मचारियों की सुविधा के लिए नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण क्षेत्र में 43 आधुनिक ई-बसें चलाने की योजना भी मंजूर की गई। इस परियोजना पर लगभग 223 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें बैटरी संचालित और वातानुकूलित ई-बसें शामिल होंगी, जो विभिन्न रूटों पर संचालित की जाएंगी। इससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी।
बैठक में रायपुर शहर की पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 150 एमएलडी क्षमता वाले नए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को भी स्वीकृति दी गई। मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत बनने वाले इस आधुनिक जल शोधन संयंत्र पर करीब 186 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे शहरवासियों को बेहतर और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
बैठक में वित्त, नगरीय प्रशासन, लोक निर्माण, आईटी, पर्यावरण, जल संसाधन और पंचायत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने कहा कि इन परियोजनाओं से प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और नागरिक सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा।
