रायपुर। छत्तीसगढ़ सहित देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से सतर्कता और संवेदनशीलता बरतने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में सभी लोगों को अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ आसपास के जरूरतमंद लोगों, श्रमिकों और पशु-पक्षियों का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अत्यधिक गर्मी के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। ऐसे में सभी लोग पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, बाहर निकलते समय पानी साथ रखें और अनावश्यक रूप से तेज धूप में जाने से बचें। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां हीट स्ट्रोक और अन्य बीमारियों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों से घर, दुकान, कार्यालय और सार्वजनिक स्थानों के आसपास राहगीरों के लिए ठंडे पेयजल की व्यवस्था करने की भी अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गर्मी में प्यासे लोगों को पानी उपलब्ध कराना मानवीय संवेदना का बड़ा उदाहरण है और यह किसी जरूरतमंद के लिए राहत बन सकता है।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, श्रमिकों और खुले में काम करने वाले लोगों का ध्यान रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ती दिखाई दे तो उसे तुरंत छायादार स्थान पर ले जाकर पानी, ओआरएस या अन्य तरल पदार्थ दिए जाएं और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पशु-पक्षियों के प्रति भी संवेदनशीलता दिखाने की अपील करते हुए कहा कि घर, छत, आंगन या दुकान के बाहर पानी से भरा पात्र रखने जैसी छोटी पहल भीषण गर्मी में जीवों के लिए जीवनदायिनी साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि यह समय सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करने का है।
