ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

उरला फैक्ट्री ब्लास्ट के बाद बड़ा एक्शन: 3-D इनोवेशन की सभी गतिविधियां बंद, मृतकों के परिजनों को 30-30 लाख मुआवजा

रायपुर। उरला औद्योगिक क्षेत्र में 3-डी इनोवेशन फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने कारखाने की सभी विनिर्माण गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। वहीं, कंपनी प्रबंधन ने हादसे में जान गंवाने वाले तीनों श्रमिकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने पर सहमति जताई है।

मंगलवार को ग्राम बेन्द्री स्थित फैक्ट्री के फेरो एलॉयज डिवीजन में फर्नेस के लांसिंग कार्य के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया था। हादसे में श्रमिक अरुण पाण्डेय, लाल सिंह और कमल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास के इलाके में भी इसका असर महसूस किया गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने साक्ष्य जुटाए, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई तथा फैक्ट्री प्रबंधन और कर्मचारियों से प्रारंभिक पूछताछ की। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जांच के आधार पर व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा संहिता-2020 की धारा 38(1)(ए) के तहत फैक्ट्री में संचालित सभी विनिर्माण गतिविधियों को अगले आदेश तक प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस संबंध में कारखाने के अधिभोगी और प्रबंधक को प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर दिया गया है।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि उत्पादन बंद रहने के दौरान भी फैक्ट्री में कार्यरत सभी कर्मचारियों को नियमानुसार वेतन और अन्य भत्तों का भुगतान समय पर करना होगा। विभाग के प्रयासों के बाद कंपनी प्रबंधन ने मृतक श्रमिकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपए की तत्काल आर्थिक सहायता देने पर सहमति दी है।

औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने कहा कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button