StateNewsदेश - विदेश

दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: टेकऑफ के दौरान स्विस फ्लाइट का इंजन फेल, आग लगी; 232 यात्री सुरक्षित, 6 घायल

दिल्ली। दिल्ली एयरपोर्ट पर शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब स्विस एयरलाइंस की फ्लाइट LX147 के टेकऑफ के दौरान इंजन फेल हो गया और उसमें आग लग गई।

यह फ्लाइट स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख के लिए रवाना होने वाली थी। विमान में कुल 232 यात्री सवार थे, जिनमें 4 नवजात भी शामिल थे।

घटना रात करीब 1:08 बजे की है, जब विमान रनवे पर टेकऑफ की तैयारी कर रहा था। तभी अचानक एक इंजन में खराबी आई और लैंडिंग गियर के पास धुआं उठने लगा। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए विमान को रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों को तुरंत इमरजेंसी स्लाइड के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें 6 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और विमान के लैंडिंग गियर में लगी आग पर काबू पाया। एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने हालात को जल्द नियंत्रित कर लिया।

स्विस एयरलाइंस ने बयान जारी कर कहा कि यह विमान एयरबस A330 था और टेकऑफ के दौरान बाईं ओर लैंडिंग गियर से धुआं निकलता देखा गया। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फ्लाइट को तुरंत रोक दिया गया।

एयरलाइन ने बताया कि यात्रियों की देखभाल के लिए स्थानीय टीमें सक्रिय हैं और घटना की जांच के लिए विशेषज्ञ टीम जल्द दिल्ली पहुंचेगी। फिलहाल इस घटना के कारणों की जांच की जा रही है। समय रहते पायलट की सतर्कता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

Related Articles

Back to top button