गर्मी का कहर: यूपी के बांदा में 47.4°C पारा, 10 राज्यों में हीटवेव अलर्ट; लोगों को घर में रहने की सलाह

दिल्ली। देशभर में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। उत्तर प्रदेश का बांदा शनिवार को देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं प्रयागराज में 45.5°C, वाराणसी में 45°C और झांसी में 44.8°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रशासन ने लोगों को दोपहर 12 से 3 बजे के बीच घरों में रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत के 10 राज्यों में हीटवेव और गर्म रातों (वॉर्म नाइट) का अलर्ट जारी किया है। बढ़ती गर्मी के चलते देश में बिजली की मांग भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, यह मांग 252.07 गीगावॉट तक पहुंच गई, जो अब तक का सबसे उच्च स्तर है।
गर्मी के प्रभाव को देखते हुए कई राज्यों ने एहतियाती कदम उठाए हैं। मध्य प्रदेश के इंदौर और ग्वालियर में 8वीं तक के स्कूल 27 से 30 अप्रैल तक बंद कर दिए गए हैं। वहीं बिहार के खगड़िया में बच्चों को गर्मी से बचाने के लिए स्कूल में छाते बांटे गए। हिमाचल प्रदेश के ऊना में भी तापमान 42.2°C तक पहुंच गया है।
अगले दो दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार समेत कई राज्यों में लू चलने की संभावना है। वहीं आंध्र प्रदेश, गुजरात, ओडिशा और तमिलनाडु में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। विशेषज्ञों के मुताबिक, मई से ‘अल नीनो’ प्रभाव के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे गर्मी और बढ़ सकती है और मानसून भी प्रभावित हो सकता है।



