अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बुधवार शाम एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब एयर इंडिया और इंडिगो के दो यात्री विमान एक ही टैक्सीवे पर आमने-सामने आ गए। समय रहते दोनों विमानों को रोक लिया गया, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई। बताया जा रहा है कि दोनों विमानों के बीच महज 200 मीटर की दूरी रह गई थी।
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की मुंबई जाने वाली फ्लाइट उड़ान भरने की तैयारी में टैक्सीवे की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान मुंबई से अहमदाबाद पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2493 लैंडिंग के बाद पार्किंग बे की ओर जा रही थी। पार्किंग क्षेत्र तक पहुंचने के दौरान विमान ने गलती से गलत मोड़ ले लिया और उसी टैक्सीवे पर पहुंच गया, जहां इंडिगो का विमान मौजूद था। एयर ट्रैफिक नियंत्रण और पायलटों की सतर्कता से दोनों विमानों को समय रहते रोक दिया गया।
एयर इंडिया ने स्वीकार की गलती
एयर इंडिया ने घटना की पुष्टि करते हुए बयान जारी किया है। कंपनी के अनुसार, फ्लाइट AI-2493 पार्किंग के दौरान अनजाने में गलत दिशा में मुड़ गई थी। हालांकि इस दौरान यात्रियों और क्रू की सुरक्षा पर कोई खतरा नहीं आया। बाद में विमान को टो वाहन की सहायता से सही पार्किंग बे तक पहुंचाया गया।
इंडिगो ने भी दी जानकारी
इंडिगो ने बताया कि उसकी फ्लाइट 6E-5160 मुंबई के लिए रवाना होने वाली थी। टैक्सीवे पर पहुंचने के दौरान दूसरी एयरलाइन का विमान गलत दिशा में आ गया, जिसके बाद सुरक्षा मानकों के तहत दोनों विमानों को रोक दिया गया। एयर इंडिया के विमान को हटाने के बाद इंडिगो की उड़ान सुरक्षित रूप से मुंबई रवाना हुई।
घटना की सूचना विमानन नियामक अधिकारियों को दे दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दोनों विमान एयरबस A320 श्रेणी के नैरो-बॉडी एयरक्राफ्ट थे, जिनका उपयोग घरेलू और मध्यम दूरी की उड़ानों में व्यापक रूप से किया जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, समय पर की गई कार्रवाई ने एक बड़े हादसे को टाल दिया।
