मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में सोमवार यानी 10 अगस्त को कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई।
सेंसेक्स करीब 100 अंक गिरकर 78,400 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी भी करीब 30 अंक नीचे है और 24,550 के आसपास बना हुआ है। बाजार में खास तौर पर FMCG, एनर्जी और बैंकिंग शेयरों में बिकवाली देखने को मिल रही है।
दो IPO में निवेश का मौका
आज से मोलबायो डायग्नोस्टिक्स और धूत ट्रांसमिशन के IPO भी खुल गए हैं। मोलबायो डायग्नोस्टिक्स IPO के जरिए करीब 939.70 करोड़ रुपए, जबकि धूत ट्रांसमिशन करीब 3,066.89 करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी में है। दोनों IPO में निवेशक 12 अगस्त तक बोली लगा सकेंगे।
एशियाई बाजारों में तेजी
भारतीय बाजार में गिरावट के बीच एशियाई बाजारों में आज तेजी का रुख रहा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.77%, जापान का निक्केई 2.02% और हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग 0.59% की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा।
इससे पहले 7 अगस्त को अमेरिकी बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए थे। डाउ जोन्स में 152 अंकों यानी 0.28% की तेजी रही। नैस्डैक 1.30% और S&P 500 में 0.62% की बढ़त दर्ज की गई।
FII ने 7 दिन में लगाए 1,966 करोड़
विदेशी निवेशकों की खरीदारी भी जारी है। आंकड़ों के मुताबिक FII/FPI ने पिछले 7 दिनों में भारतीय शेयर बाजार में 1,966 करोड़ रुपए का निवेश किया है। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने इसी अवधि में 6,196 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं। हालांकि, पिछले 30 दिनों में FII/FPI की बिकवाली 7,464 करोड़ रुपए रही है।
शुक्रवार को भी गिरा था बाजार
इससे पहले शुक्रवार, 7 अगस्त, को भी बाजार में गिरावट रही थी। सेंसेक्स 455 अंक टूटकर 78,499 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 65 अंक गिरकर 24,570 के स्तर पर आ गया था।
