कुंभ की तर्ज पर सजेगा गढ़मुक्तेश्वर मेला, 17 नवंबर से होगा आगाज: सीएम योगी ने परखी तैयारियां; श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर जोर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के हापुड़ में कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले गढ़मुक्तेश्वर गंगा मेले की तैयारियां कुंभ मेले की तर्ज पर की जा रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मां गंगा की आरती की और अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, ठहरने और खान-पान के बेहतर इंतजाम करने के निर्देश दिए।

गढ़मुक्तेश्वर में यह मेला 17 से 25 नवंबर 2026 तक आयोजित होगा। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मेले में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉल देखे। इनमें एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) के तहत स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है।

वोकल फॉर लोकल पर रहेगा जोर

सीएम योगी ने सदर बाजार में लगी दुकानों का अवलोकन करते हुए कहा कि मेले में वोकल फॉर लोकल की भावना को प्राथमिकता दी जाए। स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। इससे स्थानीय कारोबारियों और कारीगरों को भी अपने उत्पाद बेचने का अवसर मिलेगा।

पीपा पुल से जुड़ेंगे दो बड़े मेले

मुख्यमंत्री ने हापुड़ और अमरोहा के जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गंगा पर बनाया जा रहा पीपा पुल गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी मेले को आपस में जोड़ेगा। इससे दोनों मेलों में आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा होगी।

योगी ने अधिकारियों से कहा कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पेयजल, साफ-सफाई और ठहरने की व्यवस्था समय रहते पूरी कर ली जाए। प्रशासन को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि श्रद्धालुओं को गंगा स्नान और धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

↑
Exit mobile version