कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में मारपीट के मामले में भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष विजय लक्ष्मी तिवारी, उनके बेटे वासु तिवारी और दामाद विक्की दुबे के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-10 का है। रवि कुमार शुक्ला की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत केस दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि 5 अगस्त को विजय लक्ष्मी तिवारी अपने बेटे और दामाद के साथ उनके घर पहुंचीं। वहां कथित तौर पर उनके लकवाग्रस्त पिता को घर से घसीटकर बाहर निकाला गया और नाली में फेंक दिया गया। उनकी मां के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें हाथ में चोट लगने की बात कही गई है। घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आने का दावा किया गया है।
रवि कुमार के मुताबिक, उन्हें घटना की जानकारी पड़ोसियों से मिली। घर पहुंचकर बीच-बचाव करने पर उनके साथ भी मारपीट की गई और बाईं आंख के ऊपर चोट आई। इसके बाद पुलिस ने परिवार के सदस्यों को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि अस्पताल में इलाज के दौरान भी विक्की दुबे ने उनके साथ मारपीट की और थप्पड़ मारा। उनका कहना है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव किया। हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस का विस्तृत आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।
प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा है मामला
रवि कुमार ने बताया कि 2015 में उनके बड़े भाई सूरज शुक्ला की शादी विजय लक्ष्मी तिवारी की छोटी बेटी से हुई थी। आरोप है कि परिवार में संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बड़े बेटे के नाम मकान करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद थे।
पुलिस अब CCTV फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
